जनजाति गांवों में हजारों लोगों को मिला निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ, गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा बनी संजीवनी

बलरामपुर। गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के दूसरे दिन नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन (एनएमओ) की टीम ने जनपद बलरामपुर के सीमावर्ती जनजाति बहुल इलाकों में व्यापक स्तर पर निःशुल्क चिकित्सा सेवा प्रदान की। पचपेड़वा, गैसडी, तुलसीपुर और शिवपुरा खंडों के लगभग 36 गांवों में सुबह 10 बजे से लगाए गए चिकित्सा शिविरों में हजारों ग्रामीणों ने उपचार और दवाइयों का लाभ लिया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक के निर्देशन में, विभाग प्रचारक प्रवीण जी के पर्यवेक्षण तथा जिला प्रचारक जितेंद्र जी की देखरेख में आयोजित इस स्वास्थ्य सेवा अभियान में सैकड़ों स्वयंसेवक और संघ के अनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ता शिविरों की व्यवस्था और संचालन में सक्रिय रहे। सभी शिविरों में मरीजों का पंजीकरण, जांच और आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया।
गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के जिला संयोजक रामकृपाल सुबह से ही विभिन्न चिकित्सा शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से उपलब्ध कराया। पचपेड़वा खंड के थारू जनजाति गांव इमलिया कोडर में आयोजित शिविर में डॉक्टर विनोद शुक्ला, डॉक्टर निखिल और डॉक्टर शिवानी की टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार व दवाइयां प्रदान कीं। इस पहल से दूरस्थ जनजाति गांवों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी और लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी।