
बहराइच। राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा करने वाले प्रहरी हों या सीमावर्ती वनवासी बंधु, सभी का स्वस्थ रहना ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है। इसी संकल्प को साकार करते हुए नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन एवं श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास बीते पांच वर्षों से दुर्गम और सीमावर्ती क्षेत्रों में चिकित्सा सेवा की अलख जगा रहे हैं। इसी क्रम में इस वर्ष गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा अपने छठे चरण यानी 6.0 पर पहुंचकर बहराइच जनपद के वनवासी और सीमावर्ती क्षेत्रों में सेवा और समर्पण का नया उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।
गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0 के अंतर्गत तहसील मिहींपुरवा एवं नानपारा क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाके में दो दिवसीय चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 38 गांवों में स्वास्थ्य कैंप लगाकर हजारों ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। दुर्गम क्षेत्रों में बसे लोगों तक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा विशेष रूप से संचालित की गई।
मिहींपुरवा क्षेत्र के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के घने जंगलों और दो नदियों से घिरे भरथापुर गांव में आयोजित चिकित्सा शिविर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां चिकित्सकों की टीम नाव के माध्यम से पहुंची। इस शिविर का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल जी ने किया। भरथापुर पहुंचने पर ग्रामीणों ने प्रांत प्रचारक कौशल जी का पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
मिहींपुरवा विकासखंड के विशुनापुर अंबा, फकीरपुरी, बर्दियां, सलारपुर, मुर्तिहा भगड़िया, गोपिया, जोगनिया, करमोहना, कांजीबाग, अयोध्या गांव, हरखापुर, रामपुरवा, सुजौली, चहलवा, चितलहवा, गौरापिपरा, सोगवा, पड़रिया, मटेरीकला, सोहनी बलाई, मदारिया सहित अनेक गांवों में चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। वहीं विकासखंड बाबागंज के मिहीपुरवा, गोकुलपुरवा, रामबख्शपुरवा, भगवानपुर करिंगा, जैतापुर, खैरनिया, रामपुर गंगापुर जमदान, सिरसिया, राजागांव, रामनगर गुलरिया, सामलगांव, बेलवरिया, माधवपुर रघुनाथ और इटहा में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ।
दो दिवसीय इस व्यापक अभियान में सीमा क्षेत्र के हजारों लोगों ने निःशुल्क चिकित्सा, जांच और दवाओं का लाभ प्राप्त किया। चिकित्सा शिविर में डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय सहित अन्य प्रमुख संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। इस दौरान कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. एम.एल. भट्ट, डॉक्टर टीम के कोऑर्डिनेटर डॉ. सानिध्य सिंह, डॉ. रवि वर्मा, डॉ. अमृतराज, डॉ. भास्कर, डॉ. मिहिर, डॉ. सत्यम, डॉ. राज, डॉ. रोशन, डॉ. अनंत, डॉ. बिजेंद्र और डॉ. प्रमोद ने अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल जी, विभाग प्रचारक कृष्ण कुमार, जिला प्रचारक अजय, जिला कार्यवाह दिलीप, बाबूलाल, सुरेश, अमित कुमार, रोहित, हर्षित, सोमवर्धन, अनिल, यात्रा के जिला सहसंयोजक योगेंद्र मौर्य, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अभिषेक सौरभ वर्मा, संयोजक इंद्र बहादुर सिंह, अरुण पाठक, आशीष त्रिपाठी, विवेक शुक्ला सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।