अतिक्रमण के आगोश में कुरावली नगर, क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?

कुरावली (मैनपुरी)। नगर पंचायत कुरावली में अतिक्रमण इस कदर हावी हो चुका है कि मुख्य मार्गों पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। जीटी रोड से लेकर सदर बाजार, बस अड्डा, घिरोर रोड और सरकारी अस्पताल के सामने तक दुकानदारों ने सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा जमा रखा है। हालात यह हैं कि नगर पंचायत और स्थानीय प्रशासन सब कुछ देख कर भी मौन साधे हुए है, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
नगर के व्यस्त इलाकों में दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे तीन-तीन फीट तक तख्त जमा दिए गए हैं और ऊपर से टिन शेड डालकर सड़कों को और संकरा कर दिया गया है। सरकारी अस्पताल के सामने रखी गुमटियों और खोकों के कारण एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती है, जिससे मरीजों की जान पर खतरा मंडराता रहता है।
पूर्व में अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार द्वारा अतिक्रमण हटाने को लेकर दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसका कोई असर दिखाई नहीं दिया। प्रशासन की ढिलाई का फायदा उठाकर दुकानदारों ने नियमों को ठेंगा दिखाते हुए दोबारा कब्जा जमा लिया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सदर बाजार की संकरी गलियों में तख्तों के कारण ग्राहकों का निकलना दूभर हो गया है, बस अड्डा और जीटी रोड पर अवैध खोकों की वजह से घंटों जाम लगना आम बात हो गई है। जनता अब सवाल उठा रही है कि यदि नियम सभी के लिए समान हैं तो इन रसूखदार अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई कब होगी। लोगों का आरोप है कि प्रशासन शायद किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा।