बाराबंकी में बोले सीएम योगी: बाबरी ढांचे का सपना देखने वालों को बता दूं, वो दिन कभी नहीं आएगा

सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बाराबंकी में श्री हनुमत विराट महायज्ञ एवं श्री रामाचार्य पूजन कार्यक्रम के दौरान सख्त शब्दों में कहा कि जो लोग बाबरी ढांचे का सपना देख रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि वह दिन कभी नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में रहना है तो यहां के कानून का पालन करना सीखना होगा। जो कानून मानेगा, वह फायदे में रहेगा और जो कानून तोड़ेगा, उसे कड़ी सजा मिलेगी।
सीएम योगी ने कहा कि यह डबल इंजन की सरकार है। हमने कहा था रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे और आज मंदिर बन चुका है। उन्होंने कहा कि जो भगवान राम को भूल जाते हैं, भगवान राम भी उन्हें भूल चुके हैं। ऐसे लोगों की नैया अब कभी पार नहीं होगी। रामद्रोहियों और रामभक्तों पर गोली चलाने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। राम सबके हैं और इसमें किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले और बाद की स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि पहले प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं था। गरीबों की जमीन पर कब्जा हो जाता था, अराजकता फैली रहती थी। सरकार बदलते ही अराजकता खत्म हो गई और आज प्रदेश में बेटियां, व्यापारी और आम नागरिक सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि बेटी सुरक्षित होगी तो समाज अपने आप सुरक्षित महसूस करेगा और व्यापारी सुरक्षित होगा तो प्रदेश तरक्की करेगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल रहा है और करोड़ों लोगों को पेंशन दी जा रही है। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और जो कानून अपने हाथ में लेगा, उसे ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि पीढ़ियां याद रखेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीबों के घर नहीं बन पाते थे, लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में यूपी के करीब 60 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री आवास मिला। गांवों में बिजली, शौचालय और साफ पानी की व्यवस्था की गई है। अब सभी 75 जिलों को बिजली मिल रही है और हर घर में शौचालय बनने से बहन-बेटियों को सम्मान और सुरक्षा मिली है।
सीएम योगी ने कहा कि 500 साल में कई राजा-महाराजा आए, देश आजाद हुआ, सरकारें बनीं लेकिन किसी ने अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनाने की पहल नहीं की। भाजपा की सरकार में यह ऐतिहासिक कार्य पूरा हुआ और आज लाखों श्रद्धालु वहां दर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, जिलाध्यक्ष रामसिंह वर्मा, विधायक दिनेश रावत, विधायक साकेन्द्र वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष बैजनाथ रावत सहित कई जनप्रतिनिधियों और संत-महात्माओं ने भी जनसभा को संबोधित किया।