लखनऊ आरपीओ की प्रेस वार्ता: 2025 में रिकॉर्ड 8.09 लाख पासपोर्ट जारी, सेवाओं में बड़ा सुधार

लखनऊ। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में रेजिनल पासपोर्ट ऑफिसर शुभम सिंह ने प्रेस वार्ता कर वर्ष 2025 की एनुअल रिपोर्ट पेश की। उन्होंने बताया कि साल 2025 में पासपोर्ट सेवाओं ने नया रिकॉर्ड बनाया है और इस दौरान कुल 8,09,839 पासपोर्ट जारी किए गए। यह आंकड़ा वर्ष 2024 की तुलना में कहीं अधिक है, जो पासपोर्ट सेवा की बढ़ी हुई क्षमता और कार्यप्रणाली में सुधार को दर्शाता है।
आरपीओ शुभम सिंह ने कहा कि पासपोर्ट सेवा की रफ्तार में बड़ा सुधार हुआ है, जिससे समय पर पासपोर्ट मिलने से नागरिकों को राहत मिली है। प्रक्रियाएं सरल होने से कामकाज तेज हुआ है और निगरानी बढ़ने के कारण पासपोर्ट वितरण प्रणाली में भी सुधार देखने को मिला है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में पुलिस क्लीयरेंस के मामलों में भी कमी आई है। इस दौरान 62,687 पुलिस क्लीयरेंस जारी किए गए, जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या 70 हजार से अधिक थी। पुलिस वेरिफिकेशन प्रक्रिया में किए गए बदलावों का सीधा लाभ आम नागरिकों को मिला है।
प्रेस वार्ता में आरपीओ ने जन शिकायत निवारण मेलों का जिक्र करते हुए कहा कि इन मेलों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया। बिना भटकाव लोगों को त्वरित समाधान मिला और बार-बार दफ्तर आने की जरूरत भी कम हुई।
शुभम सिंह ने कहा कि कार्यालय का फोकस नागरिक-अनुकूल सेवाओं, पारदर्शिता बढ़ाने और डिजिटल सुधारों पर है। पासपोर्ट जारी करने की क्षमता में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और समयबद्ध सेवा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि लखनऊ आरपीओ कार्यालय आम जनता के भरोसे पर खरा उतर रहा है और आने वाले समय में सेवाओं को और बेहतर किया जाएगा।