योगी सरकार आज पेश करेगी बजट, निवेश-रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर रहेगा खास जोर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। योगी सरकार आज राज्य का आम बजट पेश करेगी। सुबह 11 बजे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना विधानसभा में बजट प्रस्तुत करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सदन में मौजूद रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक इस बार बजट का आकार करीब 9.5 लाख करोड़ रुपये हो सकता है। बजट में निवेश, रोजगार, बुनियादी ढांचा और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विशेष फोकस रहने की उम्मीद है। अनुमान है कि बजट का लगभग एक चौथाई हिस्सा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर खर्च किया जाएगा।
यह बजट 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार का आखिरी पूर्ण बजट माना जा रहा है, ऐसे में इसमें क्षेत्रीय संतुलित विकास पर भी खास ध्यान दिया जाएगा। पूर्वांचल और बुंदेलखंड के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं संभव हैं। दोनों क्षेत्रों के लिए विकास निधि में लगभग 1900 करोड़ रुपये दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इसके अलावा प्रदेश के 37 पिछड़े जिलों में विकास कार्यों को गति देने के लिए अतिरिक्त प्रावधान हो सकते हैं। नए एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के आवंटन की संभावना है। सरकार वृद्धावस्था पेंशन में भी बढ़ोतरी कर सकती है, जिसमें 500 रुपये की वृद्धि संभावित बताई जा रही है।
महिला सशक्तिकरण के तहत मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने का वादा इस वर्ष पूरा होने का अनुमान है। साथ ही महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों और ‘शी मार्ट’ योजना के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किए जा सकते हैं।