
बरहन। बरहन क्षेत्र में एक परिवार ने जमीन हड़पने और पुलिस द्वारा एकतरफा कार्रवाई किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का दावा है कि अनपढ़ होने का फायदा उठाकर एक डॉक्टर ने उनकी कृषि भूमि का धोखाधड़ी से बैनामा अपने नाम करा लिया। मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ितों का यह भी आरोप है कि कोर्ट में मामला जाने के बाद से उन्हें और उनके परिजनों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
परिवार के अनुसार, आर्थिक आवश्यकता के चलते उन्होंने अपनी खेती की जमीन डॉ. एक्के के पास गिरवी रखी थी। आरोप है कि माता-पिता के पढ़े-लिखे न होने का लाभ उठाकर संबंधित डॉक्टर ने कथित रूप से जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। जब इस पर आपत्ति जताई गई तो विवाद बढ़ गया और मामला न्यायालय पहुंच गया।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी से वार्ड नंबर 3 के जिला पंचायत सदस्य मानवेंद्र चौहान पीड़ित परिवार के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने एत्मादपुर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बिना निष्पक्ष जांच के एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना है कि पुलिस प्रशासन पीड़ित परिवार को बेवजह परेशान कर रहा है, जो न्यायसंगत नहीं है।
पीड़ित युवक का दावा है कि वह पिछले लगभग 10 वर्षों से अनूपशहर में रह रहा है, इसके बावजूद उसके खिलाफ एत्मादपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। परिवार का आरोप है कि ब्लड कैंसर से पीड़ित उसके पिता को भी मामले में नामजद कर दिया गया है, जिससे उनकी स्थिति और गंभीर हो गई है।
परिवार ने इस पूरे घटनाक्रम को आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से जोड़ते हुए कहा है कि उनकी सामाजिक छवि खराब करने के उद्देश्य से विरोधियों द्वारा पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि राजनीतिक रंजिश के चलते प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर उन्हें दबाव में लाने की कोशिश की जा रही है।
पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर फर्जी मुकदमों को निरस्त करने की मांग की है। वहीं जिला पंचायत सदस्य मानवेंद्र चौहान ने चेतावनी दी है कि यदि न्याय नहीं मिला तो वे इस प्रकरण को उच्च स्तर पर उठाएंगे। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।