जौनपुर में लूट के आरोपी को पकड़ने गई एसओजी टीम पर पथराव, दो पुलिसकर्मी घायल

जौनपुर। जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र स्थित वीरभानपुर गांव में गुरुवार रात लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची एसओजी टीम और पुलिस बल पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाने के इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह एसओजी टीम के साथ रात करीब 8:30 बजे वीरभानपुर गांव की अनुसूचित बस्ती में लूट के वांछित आरोपी पंकज गौतम को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। शुक्रवार को आरोपी के दादा की तेरहवीं कार्यक्रम होने के कारण घर पर बड़ी संख्या में रिश्तेदार और ग्रामीण मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम के पहुंचते ही घर के सदस्यों और कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। पथराव में एसओजी के सिपाहियों के अलावा सिकरारा थाने के उपनिरीक्षक विनोद सिंह घायल हो गए। सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह भी मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके वाहन पर भी पथराव कर दिया गया।
स्थिति बिगड़ने की सूचना पर बक्शा थाना पुलिस के साथ कई थानों का अतिरिक्त पुलिस बल गांव में पहुंचा और हालात को काबू में किया। देर रात तक पुलिस ने पूरे गांव की घेराबंदी कर रखी थी और आरोपियों की तलाश जारी रही। करीब एक घंटे तक पुलिस सायरन की आवाज से गांव में दहशत का माहौल बना रहा और लोग अपने घरों में दुबके रहे।
वांछित आरोपी पंकज गौतम के परिवार के सदस्य संजू ने बताया कि पंकज सिकरारा थाने में दर्ज लूट के मामले में वांछित है। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मी सादी वर्दी में रात में पहुंचे और बिना स्पष्ट जानकारी दिए तलाशी लेने लगे, जिसके विरोध में विवाद बढ़ गया।
देर रात तक चली पुलिस कार्रवाई के बाद परिवार के लोग घर पर ताला लगाकर कहीं चले गए। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।