
लखनऊ। ऑक्सीजन मैन फाउंडेशन द्वारा 16 फरवरी 2026 को सायं 5:30 बजे भव्य संगीतमय संध्या “संकल्प से स्वर तक” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम संगीत नाटक अकादमी परिसर स्थित संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह, गोमती नगर, लखनऊ में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है और सांस्कृतिक तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग इसे एक सकारात्मक पहल के रूप में देख रहे हैं।
कार्यक्रम से पूर्व आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजक एवं राजेश कुमार जायसवाल ‘ऑक्सीजन मैन’ ने मीडिया को आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर मशहूर बॉलीवुड अभिनेता रंजीत विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने फिल्मी जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कला और सिनेमा समाज का आईना होते हैं। उन्होंने कहा कि जब संगीत को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा जाता है तो उसका प्रभाव और भी व्यापक हो जाता है। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संगीतमय संध्या में प्रसिद्ध बॉलीवुड गायिकाएं रूपा, शाहिबा और मिरन रॉय अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को सुरों और भावनाओं की अनूठी दुनिया में ले जाएंगी। कार्यक्रम में देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, मानवता और सकारात्मक चिंतन पर आधारित गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजकों के अनुसार यह केवल मनोरंजन का मंच नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक अभियान है, जिसके माध्यम से समाज को प्रेरित करने और जिम्मेदारी का भाव जगाने का प्रयास किया जा रहा है।
संयोजक राजेश कुमार जायसवाल ‘ऑक्सीजन मैन’ ने बताया कि “संकल्प से स्वर तक” एक जनजागरण पहल है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रकृति और मानवता के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति छोटे-छोटे संकल्प लेकर आगे बढ़े, तो निश्चित ही बड़ा परिवर्तन संभव है। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और कला प्रेमियों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़े हुए हैं। उनका मानना है कि संगीत लोगों को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का सशक्त माध्यम है। इसी सोच के साथ इस संगीतमय संध्या का आयोजन किया जा रहा है, ताकि कला के माध्यम से समाज को जागरूक और प्रेरित किया जा सके।
आयोजकों ने लखनऊ वासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस प्रेरणादायी कार्यक्रम को सफल बनाएं। यह आयोजन कला, संस्कृति और सामाजिक चेतना का एक सुंदर संगम प्रस्तुत करेगा और शहर को एक सकारात्मक संदेश देगा।