
लखनऊ। शंकराचार्य विवाद और बटुकों की चोटी खींचने को लेकर दिए गए बयान के बाद उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अपने सरकारी आवास पर 101 बटुकों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया। उन्होंने बटुकों पर पुष्प वर्षा की और स्वयं उनके साथ बैठकर भोजन कराया।
डिप्टी सीएम ने पहले कहा था कि “बटुकों की चोटी खींचने वालों पर महापाप लगेगा।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और धार्मिक हलकों में चर्चा तेज हो गई थी। इसी क्रम में उन्होंने बटुकों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए यह आयोजन किया।
आवास पर आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बटुकों का स्वागत किया गया। डिप्टी सीएम ने कहा कि सनातन परंपरा में बटुकों और आचार्यों का विशेष स्थान है और उनका सम्मान करना समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार से धार्मिक परंपराओं का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बटुकों को अंगवस्त्र भेंट किए गए और पारंपरिक तरीके से सत्कार किया गया। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक आस्थाओं और परंपराओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
इस आयोजन को शंकराचार्य विवाद के संदर्भ में एक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें धार्मिक परंपराओं के सम्मान और संरक्षण पर जोर दिया गया।