शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर 18,000 रुपये, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया ऐलान

लखनऊ। विधानसभा में बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाकर 18,000 रुपये करने की घोषणा की। इस फैसले से पिछले नौ वर्षों से मानदेय वृद्धि की प्रतीक्षा कर रहे उत्तर प्रदेश के हजारों शिक्षामित्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहे शिक्षामित्रों के लिए यह निर्णय बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के प्रदेश महामंत्री सुशील यादव ने मुख्यमंत्री के इस ऐलान को शिक्षामित्रों के लिए संजीवनी बताया। उन्होंने कहा कि अल्प मानदेय के कारण शिक्षामित्र अपने बच्चों की पढ़ाई, माता-पिता के इलाज और परिवार के भरण-पोषण में गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। आर्थिक दबाव के चलते कई शिक्षामित्र मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। ऐसे में मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा से उनके जीवन में आशा और उम्मीद की नई किरण जगी है।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़े हुए मानदेय से शिक्षामित्रों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और वे अधिक समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे। इस निर्णय के लिए शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री, बेसिक शिक्षा मंत्री तथा सरकार से लगातार पैरवी कर रहे एमएलसी श्रीचंद शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।