AAP के पूर्व मंत्री ने थामा BJP का दामन, भाजपा ने 3 घंटे में पार्टी से निकाल दिया बाहर

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से संदीप वाल्मीकि को पार्टी में शामिल कराए जाने के बाद उनके खिलाफ पुरानी विवादित खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। इसके तुरंत बाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संदीप वाल्मीकि को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

शनिवार को हरियाणा के पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में संदीप वाल्मीकि ने भाजपा में शामिल होने की औपचारिकता पूरी की। मुख्यमंत्री ने उन्हें पार्टी का दामन थमाया और उनके साथ अन्य नेताओं ने भी उनका स्वागत किया। संदीप वाल्मीकि के भाजपा में शामिल होने के कुछ ही समय बाद, सोशल मीडिया पर उनके पूर्व विवादों से जुड़ी पुरानी खबरें तेजी से फैलने लगीं। इन खबरों में संदीप पर गंभीर आरोपों का जिक्र था, जो उनकी नई पार्टी की छवि को प्रभावित कर रहे थे।

जैसे ही भाजपा को इन विवादित खबरों की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल एक्शन लिया। पार्टी ने पाया कि संदीप वाल्मीकि ने अपनी पूर्व पृष्ठभूमि को छिपाया था और पार्टी को सही जानकारी नहीं दी थी। इसके चलते भाजपा ने संदीप को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने एक पत्र जारी कर इस निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संदीप वाल्मीकि ने भाजपा ज्वाइन करने से पहले अपनी विवादित पृष्ठभूमि को छुपाया था, जिसके कारण उन्हें पार्टी से बाहर किया गया है। पत्र में यह भी कहा गया कि संदीप अब भविष्य में भाजपा से किसी भी रूप में जुड़े नहीं रहेंगे।