लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की छात्र विंग ने रसोई गैस आपूर्ति संकट और छात्रों की गंभीर समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डीएम के माध्यम से राज्यपाल को विस्तृत मांग पत्र सौंपते हुए तत्काल समाधान की मांग की। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र विंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए।
विदेश नीति की विफलता से पैदा हुआ संकट: अनित रावत
प्रदर्शन के दौरान अनित रावत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार की विफल विदेश नीतियों के कारण देश में रसोई गैस का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। इसका सबसे ज्यादा असर लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी जैसे शैक्षणिक शहरों में पढ़ाई कर रहे छात्रों पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि हजारों छात्र छोटे-छोटे किराए के कमरों में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन अब उनके सामने भोजन बनाने तक का संकट खड़ा हो गया है।
छोटे सिलेंडर भी गायब, कई गुना बढ़ी कीमतें
अनित रावत ने बताया कि अधिकांश छात्रों के पास स्थायी गैस कनेक्शन नहीं है और वे छोटे दुकानदारों से 2-3 किलोग्राम गैस लेकर अपना गुजारा करते थे। लेकिन अब न तो गैस आसानी से उपलब्ध हो रही है और जहां मिल रही है, वहां 4-5 गुना अधिक कीमत वसूली जा रही है। वैकल्पिक साधनों की कमी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

भूखे रहने को मजबूर छात्र, पढ़ाई पर असर
इस संकट के चलते कई छात्र 24-24 घंटे तक भूखे रहने को मजबूर हैं और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे हैं। अनित रावत के अनुसार, कुछ छात्र तो अपनी शिक्षा बीच में छोड़कर गांव लौटने के लिए विवश हो गए हैं। उन्होंने इसे केवल गैस संकट नहीं, बल्कि एक गंभीर मानवीय और शैक्षणिक संकट बताया, जो प्रदेश के भविष्य को प्रभावित कर रहा है।
छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था की मांग
आप छात्र विंग ने मांग पत्र में छात्रों के लिए अलग से गैस आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने, 2-3 किलोग्राम के छोटे सिलेंडर सस्ती और निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने, हर शहर में हेल्पलाइन नंबर जारी करने और विश्वविद्यालयों व छात्रावासों में सामुदायिक रसोई शुरू करने की मांग की है।

सरकार पर विफलता का आरोप, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अनित रावत ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह युवाओं को बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि जब छात्र अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं, तो उन्हें पुलिसिया कार्रवाई के जरिए दबाया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में और उग्र रूप दिया जाएगा।
कई कार्यकर्ता हिरासत में, इको गार्डन भेजे गए
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव, आशीष मौर्य, प्रदेश सचिव अमन सोनी, जिला अध्यक्ष आकाश सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। अन्य गिरफ्तार कार्यकर्ताओं में सूरज, नीरज, विशु यादव, पवन, आशिफ, दानिश और मनीष समेत कई छात्र शामिल रहे।