
लखनऊ में एलपीजी गैस की कथित किल्लत और बढ़ती परेशानियों को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कैसरबाग स्थित स्वास्थ्य भवन चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और व्यवस्था पर सवाल उठाए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। कई कार्यकर्ता गैस सिलेंडर का प्रतीकात्मक चोला पहनकर चौराहे पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उनका कहना था कि आम जनता को गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहा है और कई जगहों पर किल्लत की स्थिति बनी हुई है, जिससे घरों का बजट बिगड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गैस वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गर्म हो गया जब पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोंकझोंक भी हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बाद में ईको गार्डन भेज दिया गया। प्रशासन का कहना है कि बिना अनुमति प्रदर्शन करने और यातायात बाधित करने के कारण यह कार्रवाई की गई है। वहीं पार्टी नेताओं का कहना है कि गैस किल्लत और जनता की समस्याओं को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।