स्वामी विवेकानंद जयंती पर एबीवीपी ने निकाली भव्य शोभायात्रा, देशभक्ति नारों से गूंजा फतेहपुर

फतेहपुर/बाराबंकी। स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) फतेहपुर इकाई द्वारा “नरेंद्र मोदी : एक विचार” विषय के अंतर्गत भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नगर फतेहपुर क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रांत कार्यकारी समिति सदस्य विभु पाठक, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य ईशा जी एवं आदित्य श्रीवास्तव के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ तहसील चौराहा से हुआ, जो ब्लॉक तिराहा, सट्टी बाजार होते हुए पटेल चौराहे पर जाकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रांत कार्यकारिणी सदस्य आदित्य श्रीवास्तव ने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचार हैं, जो आज देश की आत्मा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनका वर्णन शब्दों में संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्वामी विवेकानंद के विचारों पर चलते हुए भारत की युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि एबीवीपी अपने स्थापना काल से ही स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित रही है और आज उन्हीं विचारों के प्रभाव से देश का करोड़ों युवा भारत माता की सेवा में समर्पित है। स्वामी विवेकानंद का संदेश था कि व्यक्ति को तब तक प्रयास करते रहना चाहिए जब तक उसे सफलता प्राप्त न हो जाए। परिषद का प्रयास है कि स्वामी जी के विचार हर युवा तक पहुंचें।
शोभायात्रा में सैकड़ों छात्र भगवा वस्त्र धारण कर भारत माता की जय, स्वामी विवेकानंद अमर रहें और वंदे मातरम के गगनभेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्वक किया गया।
इस अवसर पर नगर मंत्री निखिल गुप्ता, सहमंत्री उमंग श्रीवास्तव, हर्ष सहित सैकड़ों एबीवीपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।