अछनेरा। राष्ट्र के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार 31 अक्टूबर 2025 को पूरे देश की तरह कमिश्नरेट आगरा के थाना अछनेरा में भी ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, अखंडता और सद्भावना का सशक्त संदेश देना था।

कार्यक्रम के दौरान थाना अछनेरा के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, साथ ही इंदिरा एंड आरके इंस्टीट्यूट के विद्यार्थी भी दौड़ में शामिल हुए। पुलिसकर्मी और छात्र-छात्राओं की संयुक्त भागीदारी ने पुलिस-जनता के समन्वय और राष्ट्रीय एकता की भावना को सशक्त किया।
दौड़ से पूर्व सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सभी ने यह संकल्प लिया कि वे सदैव देश की एकता और सुरक्षा को सर्वोपरि रखेंगे तथा सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में योगदान देंगे।
थाना अछनेरा पुलिस द्वारा आयोजित यह आयोजन सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि सिद्ध हुआ, जिसने स्थानीय समुदाय में देशप्रेम, सौहार्द और एकजुटता की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की।