एसीपी अछनेरा की मौजूदगी में पीस कमेटी की बैठक संपन्न

अछनेरा। आगामी त्यौहार ईद एवं जुमे की नमाज को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसीपी अछनेरा शैलेन्द्र सोलंकी ने की।
बैठक के दौरान एसीपी शैलेन्द्र सोलंकी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, मौलानाओं और गणमान्य नागरिकों से आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखते हुए त्यौहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और ऐसी जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि त्यौहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन की ओर से आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं, ताकि ईद और जुमे की नमाज शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में थाना क्राइम इंस्पेक्टर विजय चंदेल, कस्बा इंचार्ज अनुज चौधरी, उपनिरीक्षक नमन त्रिपाठी सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा। थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए मौलाना एवं सम्मानित नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।