
हरदोई में कानून-व्यवस्था को चुनौती देता एक गम्भीर मामला सामने आया है। शहर के रंजना होटल में मामूली कहासुनी के बाद होटल मालिक व कर्मचारियों द्वारा तीन अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमला किए जाने से अधिवक्ता समाज में भारी आक्रोश फैल गया है। इस हमले में एक अधिवक्ता की हालत बेहद नाज़ुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार अधिवक्ता दीपक पाल, रोहित सिंह और दीपक त्रिपाठी होटल से भोजन पैक कराने पहुंचे थे। दो थाली भोजन के बदले 400 रुपये का भुगतान करने के बाद जब वे पान मसाला खरीदने लगे, उसी दौरान किसी बात को लेकर होटल मालिक व कर्मचारियों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद उग्र हो गया और होटल स्टाफ ने लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से तीनों अधिवक्ताओं पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में तीनों अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिवक्ता दीपक पाल के सिर व शरीर में गहरी चोटें आई हैं, जिनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। उन्हें तत्काल हरदोई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां सीटी स्कैन रिपोर्ट में गंभीर अंदरूनी चोटों की पुष्टि हुई है।
घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। हरदोई अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रामेंद्र सिंह तोमर ने इसे कानून-व्यवस्था पर सीधा हमला बताते हुए कड़ी निंदा की है और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। फिलहाल पुलिस ने होटल मालिक व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।