आगरा। सौ फूटा रोड पर सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करने वाले संजय कुशवाहा (32) पुत्र ओमी लाल कुशवाहा की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, संजय कुशवाहा यमुनापार के नाराइच के रहने वाले थे और हाथरस रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में नौकरी करते थे। सोमवार सुबह वे कंपनी के काम से सौ फूटा रोड, टेडी बगिया आए थे। काम खत्म कर वापस लौटते समय अचानक टेडी बगिया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ वाहन चालकों ने ट्रक का पीछा करने की कोशिश की लेकिन चालक ने उन्हें भी टक्कर मारने की कोशिश की और फरार हो गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल संजय को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और रो-रोकर बेहाल हो गए। हादसे के बाद पूरे परिवार और इलाके में शोक की लहर है।