लूटकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार, 20 किलो चांदी स्क्रैप व बुलेट बाइक बरामद

आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में चांदी स्क्रैप व्यवसायी के साथ मारपीट कर स्कूटी व चांदी स्क्रैप लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लूटकांड में वांछित दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और लगभग 20 किलोग्राम लूटा गया चांदी स्क्रैप बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 26 दिसंबर 2025 को पीड़ित स्क्रैप व्यवसायी ने थाना एत्माद्दौला में तहरीर दी थी कि 24 दिसंबर को वह सर्राफा स्क्रैप गलाने के बाद अपनी स्कूटी से करीब 50 किलोग्राम चांदी स्क्रैप लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान नुनिहाई रोड स्थित कब्रिस्तान के पास अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने उसे और उसके साथी के साथ मारपीट कर स्कूटी सहित चांदी स्क्रैप लूट लिया। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया था।
गठित पुलिस टीम ने 3 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर महताब बाग तिराहे के पास से वांछित अभियुक्त साहिल और जितेन्द्र उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपने अन्य साथियों बबलू यादव उर्फ बिल्ला, नितिन चौहान और रंजीत के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के तीन अन्य आरोपी पहले ही पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र कुमार दुबे सहित थाना एत्माद्दौला के कई अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।