
फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 34 पर सोमवार को धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। जानकारी के अनुसार, चालक पवन कुमार (थाना खड़गपुरा, मुंगेर, बिहार) को लंबा सफर तय करते-करते अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे खाई में जा गिरा।
भीषण आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत पुलिस व यूपीडा टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और खाई में पलटे ट्रक से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को हल्की चोटें आई थीं, जिन्हें यूपीडा की एंबुलेंस टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य बताया।
पवन कुमार लखनऊ से आगरा की ओर धान की खेप लेकर जा रहा था। थाना प्रभारी तरुण धीमान ने बताया कि ट्रक को क्रेन की मदद से हटवाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने हादसे का पूरा जायजा लिया और यातायात को सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए।