स्काउट-गाइड: आगरा को प्रदेश स्तर पर सर्वोत्तम जनपद पुरस्कार, रेनू भारद्वाज सम्मानित

किरावली। उत्तर प्रदेश स्काउट गाइड प्रादेशिक परिषद की बैठक अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में संपन्न हुई, जिसमें आगरा जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार जिला मुख्यालय प्रमुख डॉ. अनिल वशिष्ठ और जिला सचिव रेनू भारद्वाज ने प्राप्त किया।
जनपद स्काउट-गाइड अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी को 25 हजार रुपये तथा सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त प्रीति को 10 हजार रुपये का सम्मान दिया गया। जिला सचिव रेनू भारद्वाज को राष्ट्रीय स्तर पर दुर्गा शक्ति गाइड कंपनी की यूनिट लीडर के रूप में प्रथम स्थान हासिल करने पर लक्ष्मी मजूमदार अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वह पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगरिया ताजपुर (विकास क्षेत्र फतेहपुर सीकरी) में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं।
जिला प्रशिक्षण आयुक्त लाखन सिंह और कमल सिंह को लीडर ट्रेनर प्रमाण पत्र, श्रीमती आराधना को एएलटी प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं एमडी जैन इंटर कॉलेज, हरी पर्वत के छात्र यश शर्मा को सर्वोत्तम कैडेट रैली में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 15 हजार रुपये का चेक दिया गया।
समारोह में प्रादेशिक अध्यक्ष एवं पूर्व जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह तथा पूर्व अध्यक्ष पब्लिक सर्विस कमीशन डॉ. प्रभात कुमार ने सभी विजेताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में लीडर ट्रेनर विजय सिंह लावनिया भी उपस्थित रहे।
पुरस्कारों पर संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय बीपी सिंह तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गोड ने हर्ष व्यक्त करते हुए जिला संस्था पदाधिकारियों को बधाई दी।