
एत्मादपुर। विकास खंड एत्मादपुर की ग्राम पंचायत अहारन में रविवार को ग्रामीणों ने एकत्र होकर ग्राम प्रधान पवन सिसोदिया के विकास कार्यों की खुलकर प्रशंसा की। दशकों से जल निकासी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुनः ऐसा ही प्रधान मिले तो क्षेत्र में अधूरे पड़े विकास कार्य तेजी से पूरे हो सकते हैं। ग्रामीण ग्राम प्रधान के आवास पर पहुंचे और जयकारे लगाते हुए उनका जोरदार स्वागत किया।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते कई वर्षों से गांव के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर थे। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण घरों में पानी भर जाता था, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता था और स्कूली बच्चों का आना-जाना भी मुश्किल हो गया था। समस्या की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान पवन सिसोदिया ने तत्काल संज्ञान लेते हुए ओवरफ्लो तालाब से पंप सेट के माध्यम से पानी की निकासी कराई। इसके साथ ही कच्चे चकरोड से नाली खुदवाकर गांव के जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया गया।
पानी की निकासी होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और ग्राम प्रधान की सराहना की। मेनुद्दीन, समशेर, अमित, कालीचरण, कल्लू शाह, अशोक सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या कई दशकों से चली आ रही थी, लेकिन अब जाकर समाधान हुआ है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई प्रधान रहे, लेकिन गांव में इस स्तर का विकास कार्य पहली बार देखने को मिला है।
ग्राम प्रधान पवन सिसोदिया ने बताया कि गांव अहारन में जल निकासी का कोई स्थायी रास्ता नहीं था, जिससे ग्रामीण बेहद परेशान थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर गूल की खुदाई कराई गई और पानी की निकासी सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि यदि जनता सुखी रहेगी तो वही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। ग्राम प्रधान ने यह भी बताया कि आलू की खुदाई के बाद गांव में पक्के नाले के निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
इस मौके पर मेनुद्दीन, समशेर, अमित, कालीचरण, कल्लू शाह, अशोक, सुनील, ममता देवी, नीलम, आसमां बेगम, सबाना, रिजवाना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।