एक कमरे में सिमट गई पांच साल की शादी, अहीरपुरा में विवाहिता ने जीवनलीला की समाप्त

फतेहाबाद। फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव अहीरपुरा में बुधवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक विवाहिता ने धोती का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतका की पहचान पूनम (24) पत्नी संजू, निवासी अहीरपुरा नगरचंद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रात करीब 12 बजे पूनम अपने कमरे में अकेली थी। इसी दौरान उसने पंखे के हुक में धोती बांधकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
बताया गया है कि पूनम की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी और उसका दो वर्षीय बेटा शिवा है। घटना के समय उसका पति संजू उदयपुर (राजस्थान) में था, जहां वह कैंटीन में हलवाई का कार्य करता है। पति के बाहर होने के कारण घटना के समय घर में अन्य परिजन मौजूद थे।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर तरुण धीमान एवं इंस्पेक्टर अपराध राजवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर घरेलू परिस्थितियों, मानसिक तनाव और पारिवारिक संवाद जैसे मुद्दों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।