
अजबापुर। डीसीएम श्रीराम लिमिटेड समूह की प्रमुख इकाई अजबापुर चीनी मिल में आज आगामी पेराई सत्र 2025-26 के शुभारंभ से पूर्व पारंपरिक विधि-विधान के साथ प्रथम इंडेंट पूजन सम्पन्न हुआ।
पूजन कार्यक्रम लक्ष्मी नारायण मंदिर में आयोजित किया गया, जिसमें गन्ना विभागाध्यक्ष डॉ. एच.के. त्रिपाठी ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर ईश्वर से सफल, सुचारू और सुरक्षित पेराई सत्र की कामना की। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिल संचालन, गन्ना आपूर्ति की सफलता और किसानों की समृद्धि के लिए सामूहिक रूप से प्रार्थना की।
पूजन उपरांत गन्ना विभाग ने 31 अक्टूबर 2025 के लिए तौल हेतु डिजिटल इंडेंट परचियाँ जारी कीं। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि आगामी सत्र में किसानों की सुविधा हेतु परचियाँ SMS के माध्यम से पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर भेजी जाएंगी, और किसानों से अनुरोध किया कि वे अपने मोबाइल इनबॉक्स को संदेशों के लिए खाली रखें।
इसी क्रम में शाम के समय मैगलगंज गन्ना समिति में भी जोनल इंचार्ज पंकज सिंह और अरविंद सिंह की उपस्थिति में सचिव नन्द लाल जी के कर-कमलों से इंडेंट पूजन सम्पन्न हुआ।
पूजन कार्यक्रम में मिल के वरिष्ठ अधिकारी डी.जी.एम. (गन्ना) श्री ए.के.एस. बघेल, रीजनल हेड रमेश चौधरी, सूर्य प्रकाश मिश्र, ब्रजेश मिश्र, क्षत्रपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।