लखनऊ। लखनऊ से बलिया जाते समय नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने गाजीपुर जनपद के महड़ौर मार्ग पर विद्युत व्यवस्था का औचक निरीक्षण कर हड़कंप मचा दिया। सड़क किनारे और आबादी वाले इलाकों में लटके व अव्यवस्थित विद्युत तारों को देखकर मंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और इसे आमजन की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ बताया।
मौके पर रुककर लिया जायजा, नीचे लटकते तार बने खतरा
निरीक्षण के दौरान मंत्री एके शर्मा ने गाड़ी रुकवाकर स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। कई स्थानों पर बिजली के तार अत्यंत नीचे झूलते मिले, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका साफ नजर आई। इस पर उन्होंने तत्काल पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार से फोन पर बात कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्युत व्यवस्था में इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तुरंत सुधार के आदेश, नियमित मॉनिटरिंग पर जोर
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने निर्देश दिए कि क्षेत्र में सभी लटके, जर्जर और अव्यवस्थित तारों को तत्काल ठीक कराया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए नियमित निरीक्षण और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। बताया जा रहा है कि मंत्री एके शर्मा बलिया जनपद के रसड़ा स्थित नागा जी सरस्वती विद्या मंदिर के वार्षिकोत्सव में शामिल होने जा रहे थे। व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उन्होंने रास्ते में दिखी इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज नहीं किया और तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
अधिक आबादी वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देने के निर्देश
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि विद्युत लाइनों के रखरखाव को प्राथमिकता पर लिया जाए, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां आबादी और आवागमन अधिक है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए समयबद्ध कार्रवाई बेहद जरूरी है। वहीं एके शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।