ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा के निरीक्षण के बाद जेई निलंबित, उपखंड अधिकारी को कारण बताओ नोटिस

लखनऊ, 15 मार्च 2026। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा के सख्त रुख के बाद जौनपुर जिले के मड़ियाहूं विद्युत उपकेंद्र पर बड़ी कार्रवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता (जेई) के अनुपस्थित पाए जाने और कार्यालय में अनियमितताएं मिलने पर तत्काल प्रभाव से जेई शहजाद अली को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित उपखंड अधिकारी सौरभ तिवारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए चार्जशीट दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ऊर्जा मंत्री के निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र में कई अभिलेख और लॉगशीट सही तरीके से भरे नहीं मिले। साथ ही जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। इस पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक ने जेई को निलंबित करने की कार्रवाई की।
ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने स्पष्ट कहा कि विद्युत विभाग जनसेवा से जुड़ा बेहद महत्वपूर्ण विभाग है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
मंत्री ने यह भी चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर बिजली आपूर्ति देना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करते रहें, ताकि बिजली व्यवस्था सुचारू बनी रहे।