अखिलेश का बीजेपी पर तंज: बीजेपी सरकार में केवल झूठे वादे और दावे

लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में फर्जीवाड़ा और भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को झूठे सपने दिखाकर ठगा जा रहा है और बजट का पैसा लूटा जा रहा है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकारी धन का खुलेआम बंदरबांट हो रहा है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा को भूमाफिया पार्टी करार देते हुए कहा कि सरकार किसानों की जमीनों का उचित मुआवजा नहीं देती और उन्हें जबरन अधिग्रहित कर अपने करीबी उद्योगपतियों को सौंप देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या, वाराणसी और नोएडा समेत कई क्षेत्रों में किसानों की जमीन छीनी जा रही है।

अखिलेश ने बीजेपी पर कसा तंज

पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बीजेपी को किसान विरोधी और पूंजीपतियों की समर्थक बताते हुए कहा कि प्रदेश में वास्तविक विकास शून्य है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार फर्जी एमओयू के जरिए जनता को गुमराह कर रही है और अगर इन समझौतों की जांच हो जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी।

प्रदेश में बनाए गए कई नए एयरपोर्ट बंद: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार केवल झूठे वादे और दावे करने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि खराब प्रबंधन के कारण उत्तर प्रदेश में बनाए गए कई नए एयरपोर्ट बंद पड़े हैं। उन्होंने चित्रकूट और कुशीनगर एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे उड़ानें बंद हैं, जबकि घरेलू उड़ानों के लिए तैयार किए गए छह एयरपोर्ट भी निष्क्रिय हैं। वहीं उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार का मकसद हवाई अड्डे चलाना या उड़ानें संचालित करना नहीं, बल्कि केवल पैसा कमाना है।