
लखनऊ। लखनऊ में समाजवादी पार्टी मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर दिया है और उसके शासन में भ्रष्टाचार व लूट का माहौल बना हुआ है।
युवाओं को दी बड़ी जिम्मेदारी, 2027 चुनाव पर फोकस
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के युवा संगठनों की जिम्मेदारी है कि वे 2027 में बहुमत की सरकार बनाने के लिए अभी से सक्रिय हो जाएं। उन्होंने युवाओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी को युवा शक्ति पर पूरा भरोसा है।
पीडीए से घबराई भाजपा, संगठन को मजबूत करने की अपील
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पीडीए से घबरा गई है। उन्होंने छात्रसभा, युवजन सभा, लोहिया वाहिनी और मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत कर भाजपा को हराने के लिए जुट जाएं।

भाजपा पर षड्यंत्र और भेदभाव के आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा को षड्यंत्रकारी पार्टी बताते हुए कहा कि समाजवादियों को उसकी चालों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज में भेदभाव और नफरत फैलाती है तथा सामाजिक अन्याय को बढ़ावा देती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी सरकार बनने पर सामाजिक न्याय स्थापित होगा और सभी को समान अधिकार व सम्मान मिलेगा।
समाजवादी सरकार के कार्यों का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने पूर्व समाजवादी सरकार के कामों को भी गिनाया। उन्होंने 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा, डायल 100 क्विक रिस्पांस सिस्टम (जिसे वर्तमान सरकार ने 112 कर दिया) पुलिस मुख्यालय सिग्नेचर बिल्डिंग, गोमती रिवर फ्रंट और मेट्रो रेल जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने इन व्यवस्थाओं को कमजोर कर दिया है। वहीं उन्होंने छात्र-नौजवानों से अपील की कि वे जनविरोधी सरकार को हटाने के लिए एकजुट होकर काम करें और अपने व्यवहार में शालीनता व सम्मान बनाए रखें।
बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
इस बैठक में नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व एमएलसी सुनील सिंह साजन, जावेद आब्दी समेत पार्टी के विभिन्न युवा संगठनों के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।