गाड़ी रोककर कार्यकर्ताओं से मिले सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, वोट की सुरक्षा पर दी सलाह

रिपोर्ट: रजत गुप्ता

जसवंतनगर/इटावा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हाईवे स्थित कुरसेना गांव में क्षेत्रीय सपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि एसआईआर (विशेष मतदाता पुनरीक्षण) प्रक्रिया में अपना कोई वोट वंचित न रह जाए और अगर किसी को किसी प्रकार की परेशानी हो तो तुरंत पार्टी पदाधिकारी से संपर्क करें।

शनिवार दोपहर को अखिलेश यादव आगरा से इटावा एक विवाह समारोह में शरीक होने के लिए जा रहे थे। जैसे ही कुरसेना और आसपास के गांवों के सपा कार्यकर्ताओं को इसकी सूचना मिली, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाईवे पर उनका स्वागत करने इकट्ठा हो गए।

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की इस उत्साही भीड़ को देखकर गाड़ी रुकवा दी और खुद गाड़ी से उतरकर एक-एक कार्यकर्ता से मिले। उन्होंने युवाओं और बुजुर्ग कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से हाल-चाल पूछा और क्षेत्र की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की।

अखिलेश यादव ने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में अपना वोट कटने न पाए। यदि किसी को कोई समस्या या दिक्कत हो तो तुरंत पार्टी पदाधिकारी से संपर्क करें। इस दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से सीधा संवाद कर उत्साह और जोश दिखाया।

कार्यकर्ताओं के साथ इस अनौपचारिक मुलाकात ने क्षेत्र में सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता में उत्साह और विश्वास बढ़ाया।