
कोसीकलां। एम. डी. जैन पब्लिक स्कूल कोसीकलां में शुक्रवार को सुश्री अक्षिता जैन के गुजरात में न्यायाधीश बनने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार और नगर के गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक कैलाश चंद जैन और कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन ने अक्षिता जैन को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विनोद कुमार जैन (एलआईसी) और सतीश चंद जैन ने भी विद्यालय की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
सम्मान समारोह के दौरान अक्षिता जैन ने मंच से विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने शिक्षा जीवन और संघर्ष के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और संयम बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी और कहा कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मन में दृढ़ता हो तो सफलता अवश्य मिलती है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि अक्षिता जैन की उपलब्धि विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जिनका लक्ष्य मजबूत होता है और जो उसे प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास करते हैं।
कार्यक्रम में विजय जैन सर्राफ, पदम चंद जैन, गिरीश जैन, संजय जैन, दीपक जैन, धरम जैन, कमलेश जैन, मुन्नी चौहान और पूनम गोयल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। परिवार की ओर से नवीन कुमार जैन, प्रवीण कुमार जैन, बबीता जैन, अर्चना जैन और प्रियांशु जैन भी समारोह में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक वर्मा ने किया।