अलाव जलवाने में कर्मचारी न बरतें लापरवाही: आशुतोष त्रिपाठी

सिद्धौर, बाराबंकी। कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगर पंचायत सिद्धौर के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने नगर क्षेत्र में जल रहे अलावों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधीनस्थ कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अलाव जलवाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही रैन बसेरे में आने वाले बाहरी व्यक्तियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बुधवार देर शाम अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी पैदल ही नगर की गलियों में निकले और मील चौराहा, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पुलिस चौकी, दीनपनाह तिराहा, ब्लॉक तिराहा सहित विभिन्न स्थानों पर जल रहे अलावों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से अलाव की नियमित व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष एवं सभासदों से विचार-विमर्श कर नगर क्षेत्र में कुल 22 स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां नियमित रूप से अलाव जलवाए जा रहे हैं। इसके अलावा रैन बसेरे में भी बाहरी यात्रियों के लिए उचित व्यवस्था की गई है, ताकि ठंड से किसी को परेशानी न हो। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जहां नागरिकों का अधिक आवागमन रहता है, वहां भी अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ लिपिक श्रीश मिश्रा, विनय कुमार, अजय कश्यप, अजय वर्मा, मदन कुमार, विपिन कुमार, विजय कुमार, पीआरओ रामसागर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।