बलरामपुर में रक्तदाताओं का भव्य सम्मान समारोह, 50 संस्थाएं और 19 व्यक्तिगत रक्तदाता सम्मानित


बलरामपुर। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संयुक्त जिला चिकित्सालय बलरामपुर स्थित रक्तकेंद्र द्वारा रक्तदाताओं तथा रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली विभिन्न संस्थाओं और संस्थानों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति रही।
समारोह में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार चतुर्वेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, संयुक्त जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राज कुमार वर्मा तथा रक्तकेंद्र की प्रभारी डॉ. आकांक्षा शुक्ला मंचासीन रहे। सभी अतिथियों ने रक्तदान को महादान बताते हुए समाज के अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।
वर्ष 2025-26 में रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली करीब 50 संस्थाओं और संस्थानों को सम्मानित किया गया। इनमें सशस्त्र सीमा बल की 9वीं एवं 50वीं वाहिनी, निफा की जिला इकाई बलरामपुर, अग्रवाल सभा, लायंस क्लब, रोटरी क्लब ग्रेटर, रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन, अग्रसेन सेवा समिति पचपेड़वा, गायत्री मंदिर परिवार, बलरामपुर चीनी मिल तथा अमर उजाला सहित कई प्रमुख संस्थाएं शामिल रहीं।
व्यक्तिगत रक्तदान श्रेणी में कुल 19 रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। इनमें बलरामपुर के चर्चित ब्लडमैन आलोक अग्रवाल, एसीएमओ डॉ. अजय शुक्ला, दिलजीत कौर, वैभव त्रिपाठी, अविनाश पांडेय, आशीष अग्रवाल, विनीत सिंह, गुरुअंश सिंह, अनुज अग्रवाल, रवि गुप्ता और आयुष अग्रवाल समेत अन्य शामिल रहे। ऐसे सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया जिनके किसी संस्था के शिविर के माध्यम से 15 या उससे अधिक बार रक्तदान हो चुका है। सभी को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जनपद में रक्तदान शिविर आयोजन में प्रथम स्थान पर आलोक अग्रवाल रहे, जिन्होंने 180 यूनिट रक्त संग्रह कर विशेष उपलब्धि हासिल की। वर्ष 2025 में उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भी चार बार रक्तदान किया। द्वितीय स्थान पर एसएसबी की दोनों वाहिनियों द्वारा 65 यूनिट तथा तृतीय स्थान पर अग्रसेन सेवा समिति पचपेड़वा द्वारा 61 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
अयोध्या की रामकृष्ण सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष आकाश गुप्ता और महासचिव विजय वर्मा का भी विशेष सम्मान किया गया। उनके द्वारा विगत दो वर्षों से आयोजित रक्तदान महोत्सव में बलरामपुर ब्लड बैंक को आमंत्रित कर रक्त संग्रह कराया जा रहा है।
कार्यक्रम का सफल संचालन विकास पांडेय एवं सोनम तिवारी ने किया। आयोजन में रक्तकेंद्र के लैब टेक्नीशियन सीपी श्रीवास्तव, काउंसलर हिमांशु तिवारी, अशोक पांडेय, अंजली सिंह, अजीत श्रीवास्तव, अभिषेक सिंह सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।