
लखनऊ। एएमसी सेंटर और कॉलेज में 3 अप्रैल को आर्मी मेडिकल कोर की 262वीं वर्षगांठ बड़े सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह, एवीएसएम, कमांडेंट, एएमसी सेंटर और कॉलेज, ऑफिसर इंचार्ज, एएमसी रिकॉर्ड्स और कर्नल कमांडेंट, आर्मी मेडिकल कोर ने ‘श्रद्धांजलि’ युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन वीर सैनिकों को नमन किया, जिन्होंने कर्तव्य पालन करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
खेल-प्रतियोगिताओं और मनोरंजन कार्यक्रमों से बढ़ी रौनक
वर्षगांठ समारोह के तहत एएमसी सेंटर और कॉलेज में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और मनोरंजन कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।

सैनिक सम्मेलन में उच्च मानकों पर दिया जोर
इस अवसर पर एक विशेष सैनिक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह ने अधिकारियों और सैनिकों की बड़ी सभा को संबोधित किया। उन्होंने सभी रैंकों से प्रशिक्षण के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया, ताकि शांति और युद्ध दोनों परिस्थितियों में सैनिकों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने एएमसी के सभी कर्मियों की समर्पित और अनुकरणीय सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा कोर के ध्वज को ऊंचा बनाए रखें। साथ ही उन्होंने सभी रैंकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं भी दीं।
भव्य सामाजिक संध्या के साथ समारोह का समापन
आर्मी मेडिकल कोर की 262वीं वर्षगांठ के समारोहों का समापन 03 अप्रैल 2026 को एएमसी सेंटर और कॉलेज के ऑफिसर्स मेस में आयोजित एक भव्य सामाजिक संध्या के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में फॉर्मेशन मुख्यालय के सेवारत वरिष्ठ अधिकारी, आर्मी मेडिकल कोर के पूर्व अधिकारी और उनकी जीवनसाथी अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिससे समारोह का समापन गरिमामय वातावरण में हुआ।