रिपोर्ट: रवि द्विवेदी

अमेठी। जनपद अमेठी में अवैध रूप से डीजल के भंडारण का बड़ा मामला सामने आया है। तहसील प्रशासन से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम पंचायत क्षेत्र भरेथा के पूरे गणेश में छापेमारी कर करीब 1400 लीटर डीजल बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, 27 मार्च को उपजिलाधिकारी द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दयाराम यादव द्वारा अपने घर के पीछे ट्रॉली, छोटे डिब्बों और बड़े प्लास्टिक ड्रमों में भारी मात्रा में डीजल संग्रहित किया गया था।
पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने बताया कि उसने यह डीजल अपने ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरणों के उपयोग के लिए खरीदा था, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में बिना लाइसेंस भंडारण करना नियमों के विरुद्ध पाया गया।
प्राथमिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि डीजल का भंडारण कालाबाजारी के उद्देश्य से किया गया था। पुलिस ने मौके से बरामद डीजल को जब्त कर नजदीकी पेट्रोल पंप की सुपुर्दगी में दे दिया है।
साथ ही, डीजल के नमूने को विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है।
इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।