एंटी रोमियो अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

हरपालपुर (हरदोई)। महिलाओं एवं किशोरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा संचालित एंटी रोमियो अभियान के तहत पुलिस लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चला रही है। इसी क्रम में थाना अरवल की महिला उपनिरीक्षक दीक्षा कटियार ने ग्राम बेहटा मुड़िया में चौपाल लगाकर महिलाओं को जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और किशोरियों को अराजक तत्वों से बचाव के तरीके बताए गए और उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए सजग रहने की सलाह दी गई। महिला उपनिरीक्षक ने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में महिलाएं और किशोरियां बेझिझक हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076, 112 आदि का प्रयोग कर पुलिस की मदद ले सकती हैं।

इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ाना और उन्हें किसी भी विपरीत परिस्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के साधनों से परिचित कराना है।