अरवल पुलिस ने महिलाओं व छात्राओं को किया जागरूक

हरपालपुर/हरदोई। मिशन शक्ति अभियान फेज 5 के तहत महिलाओं, छात्राओं और किशोरियों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए बुधवार को अरवल पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया। यह अभियान एसपी अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी और उन्हें आपातकाल में घबराने की बजाय सही कदम उठाने और हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर अरवल थाना की महिला उपनिरीक्षक दीक्षा कटियार, महिला आरक्षी मधुवाला, आरक्षी आजाद प्रताप सिंह और दिगमोहन ने ग्राम तेरा पुरसौली, टिलियापुर और घटवासा में जाकर महिलाओं और किशोरियों को स्वयं की सुरक्षा के उपाय समझाए।

महिला पुलिस ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में 1090, 1076, 112 आदि हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग कर तत्काल पुलिस सहायता ली जा सकती है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सशक्त बनाना है।