
लखनऊ (LKO) के आशियाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सेक्टर L स्थित मकान नंबर 91 में वर्धमान पैथोलॉजी के मालिक मानवेंद्र सिंह का शव संदिग्ध हालात में ड्रम के अंदर मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि कई घंटों तक घर का दरवाजा बंद रहने और दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान ड्रम के अंदर से अधेड़ का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में मृतक के बेटे पर ही हत्या का आरोप लग रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले ने शहर को झकझोर कर रख दिया है।