भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के जन्म शताब्दी समारोह पर भव्य आयोजन, वीर बाल दिवस पर साहिबजादों को नमन

फतेहपुर–बाराबंकी। क्षेत्र के ग्राम दादनपुर स्थित एक मैरिज लॉन में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के जन्म शताब्दी समारोह, गुरु गोविंद सिंह जयंती एवं वीर बाल दिवस नमन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, बूथ स्तरीय कार्यकर्ता एवं सिख समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने अपने विचार, व्यवहार और संस्कार से राष्ट्रसेवा की एक नई परंपरा स्थापित की। वे प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि और दूरदर्शी राजनेता थे, जिनके नेतृत्व में देश ने सुशासन, राष्ट्रीय एकता और वैश्विक सम्मान की नई ऊंचाइयों को छुआ। विधायक ने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन सादगी, समर्पण और राष्ट्रप्रेम का जीवंत उदाहरण है। पोखरण परमाणु परीक्षण से लेकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तक उनके ऐतिहासिक निर्णयों ने भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनाने की दिशा दी।
वीर बाल दिवस के अवसर पर विधायक ने गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों को धर्म, सत्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास में साहस, शौर्य और आत्मबल का अमिट अध्याय है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा ‘भुल्लन’ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष शशांक कुशमेश, मंडल अध्यक्ष करुणा शंकर शुक्ल, योगेन्द्र पटेल, रंजीत लोधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मंचासीन रहे। सम्मेलन में शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, बीएलए-2 एवं कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री शील रत्न मिहिर ने किया।
फोटो: दादनपुर में आयोजित अटल बिहारी वाजपेई जन्म शताब्दी समारोह में मंचासीन अतिथि एवं उपस्थित कार्यकर्ता।