खेल आयोजनों से निखरती प्रतिभाएं : सिद्धार्थ अवस्थी


रामनगर, बाराबंकी। अटल जन शताब्दी महोत्सव 2025 के अंतर्गत इंद्राणी सेवा संस्थान द्वारा महादेवा मेला मैदान में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व प्रदेश मंत्री भाजपा किसान मोर्चा एवं समाजसेवी पं. सिद्धार्थ अवस्थी ने शंखध्वनि के साथ बाल फेंककर किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
क्वार्टर फाइनल में चौखंडी ने किंतूर को, मरकामऊ ने लोधौरा को, सहादतगंज ने जैदपुर को तथा महादेवा ने बदोसराय को पराजित किया। सेमीफाइनल में मरकामऊ ने सहादतगंज को हराया जबकि महादेवा ने चौखंडी को मात दी। फाइनल मुकाबला महादेवा और मरकामऊ के बीच खेला गया, जिसमें महादेवा की टीम विजयी रही।
फाइनल मैच के उपरांत पं. सिद्धार्थ अवस्थी ने विजेता टीम महादेवा को ₹11,000 की नकद धनराशि व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया, वहीं उपविजेता टीम मरकामऊ को ₹2,100 की नकद धनराशि व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को आयोजक मंडल की ओर से प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर पं. सिद्धार्थ अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि अटल जन्म शताब्दी महोत्सव के तहत 25 दिसंबर को कबड्डी प्रतियोगिता तथा 26 दिसंबर को महादेवा मंदिर प्रांगण में काव्यांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद शुक्ला, समाजसेवी पं. आकाश त्रिपाठी, ग्राम प्रधान राजन तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।