
बहराइच। भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर बुधवार को बहराइच जनपद श्रद्धा, सम्मान और उत्साह से सराबोर नजर आया। भाजपा जिला कार्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में दीप प्रज्वलन कर अटल जी को नमन किया गया और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘अटल बिहारी अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा।
पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्र को समर्पित था और उनका व्यक्तित्व दलगत राजनीति से कहीं ऊपर था। पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से उन्होंने देश को विश्व पटल पर मजबूत पहचान दिलाई और अंत्योदय की सोच को जमीन पर उतारने का कार्य किया। आज देश उनके बताए सुशासन के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय ने कहा कि 25 दिसंबर को अटल जी की जयंती जिले के प्रत्येक बूथ पर ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर कार्यकर्ता अस्पतालों में फल वितरण और बस्तियों में सेवा कार्य करेंगे। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।