हाथरस: धारदार हथियार से वृद्ध की हत्या, धान के खेत में मिला शव, पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

हाथरस। कोतवाली चन्दपा क्षेत्र में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई, जब गांव केवलगढ़ी और नगला ब्राह्मण के बीच धान के खेत में एक वृद्ध का लहूलुहान शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान डोरी लाल

मृतक की पहचान डोरी लाल (65) पुत्र नत्थीलाल, निवासी नगला ब्राह्मण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डोरी लाल अपने खेत की रखवाली के लिए नलकूप पर रहते थे। बीती रात अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी और शव धान के खेत में फेंककर फरार हो गए।

सुबह जब ग्रामीणों ने खून से लथपथ शव देखा तो परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव देखकर बेसुध हो उठे और घर में कोहराम मच गया।

सूचना पाकर चन्दपा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस अब हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान के लिए ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।