अवसानेश्वर महादेव मंदिर में बड़ी चोरी, चांदी का छत्र व दान पात्र की नकदी समेत करीब 25 लाख का सामान ले उड़े चोर

बाराबंकी। जनपद के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर अवसानेश्वर महादेव में बीती देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र, भगवान शंकर के चांदी के आभूषण, दान पात्र में रखी नकदी और सीसीटीवी का डीवीआर समेत लगभग 25 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर फरार हो गए।
मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय गिरी ने बताया कि रात करीब तीन बजे मंकी मार्क्स पहने अज्ञात चोर मंदिर के पीछे लगे चैनल के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर घुसे। चोरों ने शिवलिंग पर स्थापित चांदी का छत्र उतार लिया और अन्य चांदी से बने आभूषणों के साथ दान पात्र में रखी लाखों रुपये की नगदी भी चोरी कर ली। चोरी के बाद चोर सीसीटीवी डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि पहचान न हो सके।
बुधवार सुबह करीब चार बजे जब पुजारी शिवम गिरी मंदिर पहुंचे और ताला खोला तो मंदिर का सामान बिखरा पड़ा मिला। दान पात्र का ताला टूटा हुआ था और वह पूरी तरह खाली था। चोरी की जानकारी मिलते ही पुजारी ने तत्काल मंदिर समिति अध्यक्ष को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी निरीक्षक हैदरगढ़ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बाद में बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश सिंह और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश सिंह ने बताया कि यह मंदिर में चोरी का गंभीर मामला है, हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।