आवारा गोवंश पर ज्वलनशील पदार्थ डालने की घटना, गंभीर रूप से घायल

फतेहाबाद। फतेहाबाद क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक आवारा गोवंश पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय गोप्रेमियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल गोवंश का उपचार शुरू करवाया।
जानकारी के अनुसार फतेहाबाद थाना क्षेत्र के तहसील रोड पर गोप्रेमियों को एक आवारा गोवंश गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डाले जाने के स्पष्ट निशान थे और वह दर्द से कराह रहा था। स्थिति को देखते हुए गोप्रेमियों ने तत्काल उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घायल गोवंश को फतेहाबाद तहसील मुख्यालय में वन विभाग के नजदीक एक पेड़ से बांधा गया, जहां उसके लिए चारे और पानी की व्यवस्था की गई। इसके बाद पशु चिकित्सक को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. सुजान सिंह और संदीप कुमार ने घायल गोवंश का प्राथमिक उपचार किया तथा आवश्यक दवाएं और इंजेक्शन दिए। चिकित्सकों ने बताया कि गोवंश बुरी तरह झुलसा है और लगातार उपचार की आवश्यकता होगी।
घटना के दौरान गो सेवक सुनील चौहान, निखिल चौहान, शिवम बघेल, रामू, बॉबी, रोहित, अंश चौहान, अजय, बृजमोहन सहित कई अन्य गोप्रेमी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से अज्ञात आरोपी की पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।