लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे भगवान श्रीराम का भव्य राज्याभिषेक

बहराइच। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित 14 दिवसीय श्रीराम लीला महोत्सव के अंतर्गत भगवान श्रीराम, माता सीता सहित लंका में रावण का वध करने के बाद अयोध्या लौटे। सीमा पर भाई भरत ने उनका भव्य स्वागत किया, वहीं देवताओं ने पुष्प वर्षा कर आगमन को और भव्य बना दिया।

इसके बाद बिसातखाना परिसर में भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कमेटी के पदाधिकारियों ने राम का राजतिलक कर पुष्पवर्षा की। प्रथम तिलक वशिष्ठ मुनि द्वारा “वशिष्ठ मुनि कीन्हा, पुनि सब विप्रन्ह आयुष दीन्हा” चौपाई के साथ लगाया गया और राजगद्दी भगवान राम को सौंप दी गई।

कार्यक्रम में बरेली से आए कलाकारों ने लीला का रंगारंग मंचन प्रस्तुत किया, जबकि स्थानीय कलाकारों ने भजन एवं कीर्तन के माध्यम से माहौल को और जीवंत बनाया।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्याम करण टेकड़ीवाल, संतोष अग्रवाल, जितेन्द्र अग्रवाल, राहुल रॉय, कमल शेखर गुप्ता, राकेश मित्तल, राज कमल गुप्ता, दीपक सोनी, दाऊ जी, मीडिया प्रभारी सचिन श्रीवास्तव, विनय जैन, सुरेश गुप्ता, आनंद गुप्ता, के. के. सक्सेना, अंशुमान यज्ञसैनी, पुष्प नाथ तिवारी, मनोज मिर्ची सहित कई रामभक्त उपस्थित रहे।