
आंवलखेड़ा/बरहन। कुरगंवा क्षेत्र में सरकारी मर्यादाओं को ताक पर रखने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दबंगों ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य केंद्र) का ताला तोड़कर उसे बारात ठहराने के लिए इस्तेमाल कर लिया। मामला तब तूल पकड़ गया, जब सुबह ड्यूटी पर पहुंचीं एएनएम कुमारी अन्नू ने केंद्र का ताला टूटा हुआ और सरकारी सामान बिखरा देखा। एएनएम ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सामान से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में चोरी और तोड़फोड़ की आशंका को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। एएनएम द्वारा लिखित शिकायत देने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया और कार्रवाई की उम्मीद जताई जाने लगी।
हालांकि, कुछ ही घंटों में मामला एक अलग ही मोड़ पर पहुंच गया। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान के हस्तक्षेप के बाद कानूनी कार्रवाई की जगह आपसी समझौते का रास्ता अपनाया गया। चर्चा है कि जहां सुबह तक कार्रवाई की तलवार लटक रही थी, वहीं दोपहर होते-होते गुलाब जामुन की मिठास के साथ ‘शांति समझौता’ हो गया। दोषियों को केवल हिदायत देकर मामला रफा-दफा कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के ताले इस तरह टूटेंगे और कार्रवाई की जगह मिठाई से समझौते होंगे, तो सरकारी संपत्ति की सुरक्षा आखिर किस भरोसे रहेगी।