आयुष्मान कार्ड बनाने को लेकर प्रशिक्षण शिविर का हुआ आयोजन, राशन के साथ अब सेहत का कार्ड भी देंगे कोटेदार

फतेहपुर-बाराबंकी। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा अब कोटे की दुकानों से शुरू की जा रही है। इसी क्रम में ब्लॉक सभागार में आयुष्मान कार्ड निर्माण को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेताओं ने सहभागिता की। इस योजना के अंतर्गत विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में आपूर्ति निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में कोटेदारों को आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों नविता सिंह एवं सुधाकर ने कोटेदारों को तकनीकी रूप से आयुष्मान कार्ड बनाने का प्रशिक्षण दिया, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आपूर्ति निरीक्षक संजय कुमार ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाता है। इसलिए कोटेदारों की जिम्मेदारी है कि वे अधिक से अधिक पात्र लोगों को इस योजना से जोड़ें। उन्होंने यह भी अपील की कि प्रशासन के निर्देशानुसार फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में भी कोटेदार सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
इस पहल के बाद अब वरिष्ठ नागरिकों एवं छूटे हुए परिवारों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि कोटे की दुकानों पर ही सेहत का कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण शिविर में अंग्रेज सिंह, बृजेश सिंह, सुरेश वर्मा, ज्ञानेंद्र सिंह, पूनम गौतम, प्रभात सहित बड़ी संख्या में कोटेदार उपस्थित रहे।