
झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को झांसी में बड़ा बयान देते हुए कहा कि “बाबर युग का समापन 6 दिसंबर 1992 को हो गया था।” उन्होंने कहा कि अब वहां भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है और भारत की धरती पर ऐसा युग हजारों वर्षों तक दोबारा नहीं आएगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बाबर मस्जिद के पुनर्निर्माण की कोई संभावना नहीं है। “बाबर युग का अंत हो चुका है, यह अध्याय सदा के लिए बंद हो चुका है,” उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा। उनका मानना है कि श्रीराम मंदिर का निर्माण भारतीय संस्कृति व आस्था की निर्णायक विजय है।
पत्रकारों से बातचीत में मौर्य ने यह भी कहा कि रामलला के भव्य मंदिर के निर्माण के बाद देश की सनातन परंपरा दृढ़तापूर्वक स्थापित हुई है। यह वह पल है जिसकी प्रतीक्षा करोड़ों श्रद्धालुओं ने वर्षों तक की थी और अब यह स्थान करोड़ों भारतीयों की आस्था का केंद्र बन चुका है।
राजनीतिक सवालों के जवाब में उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी टिप्पणी की। विपक्ष को समर्थन देने से जुड़े एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि “ममता बनर्जी खुद ही हमारे साथ आ जाएंगी।”
उन्होंने दावा किया कि देश की राजनीति में आने वाले समय में बड़े बदलाव दिखाई देंगे और जनता विकास व राष्ट्रहित के मुद्दों पर उनके साथ खड़ी होगी।
डिप्टी सीएम का यह बयान राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है।