बच्चे के जन्मदिन पर सैकड़ों वृद्धजनों में कंबल व फल का किया वितरण

देवरिया। ठंड बढ़ने के साथ ही असहाय, गरीब और निराश्रित लोगों के लिए कठिन दौर शुरू हो जाता है। इसी को देखते हुए देवरिया जनपद के एक स्थानीय नागरिक ने मानवता की मिसाल पेश की। अपने बेटे के दूसरे जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने वृद्धाश्रम में सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया, जहां सैकड़ों वृद्धजनों को कंबल, फल और मिष्ठान का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी नीरज पांडेय ने समाज में बढ़ती संवेदनहीनता पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज पढ़े-लिखे युवा भी अपने माता-पिता को घर से बेघर कर रहे हैं, जो अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग किसी भी घर की रीढ़ होते हैं और उन्हें घर से निकालकर परिवार की नींव कमजोर की जाती है।

उन्होंने आगे कहा कि जब तक भगवान की कृपा बनी रहेगी, वे इसी प्रकार जरूरतमंदों की सेवा करते रहेंगे। “मैं सिर्फ एक माध्यम हूं, देने वाला ऊपर वाला है। वह ही हर जरूरत के समय साथ खड़ा रहता है,” यह कहते हुए उन्होंने वृद्धजनों से संवाद कर उनका हालचाल भी जाना।

वृद्धाश्रम प्रशासन ने इस सेवा कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बुजुर्गों को न सिर्फ ठंड से राहत मिलती है, बल्कि उन्हें अपनापन और सम्मान का एहसास भी होता है।