बहराइच। नगर पालिका परिषद बहराइच में बुधवार को आयोजित एक भव्य समारोह में शहरवासियों को विकास की बड़ी सौगात मिली। कार्यक्रम के दौरान ₹3 करोड़ 24 लाख की लागत से निर्मित 256 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। साथ ही एंटी स्मॉग गन वेहिकल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो नगर की सड़कों पर प्रदूषण और धूल नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने कहा कि “वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत ₹3.24 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण नगर के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।” उन्होंने बताया कि एंटी स्मॉग गन का प्रयोग सर्दियों में कोहरे और गर्मियों में धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने में किया जाएगा। यह पहल नगर की स्वच्छता, सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेगी।
मुख्य अतिथि ने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि इसी तरह निरंतर विकास कार्यों के माध्यम से हमारा बहराइच और अधिक स्वस्थ, स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर के रूप में उभरेगा।”
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा टेकड़ीवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, भाजपा नेता पद्मसेन चौधरी, जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम करण टेकड़ीवाल, जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष कुलभूषण अरोड़ा, विनोद अग्रवाल, ईओ नगरपालिका परिषद बहराइच तथा सभी सभासदगण सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नगर की विभिन्न योजनाओं की झलकियां प्रदर्शित की गईं। लोकार्पण के साथ ही नगरवासियों में उत्साह का माहौल रहा। मंच से यह संकल्प लिया गया कि बहराइच को स्वच्छता, हरियाली और आधुनिक विकास के क्षेत्र में एक आदर्श नगर बनाया जाएगा।